रायगढ़। जिले में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घरघोड़ा थाना क्षेत्र के पोरडी के पास लकड़ी से भरे ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।जानकारी के मुताबिक, ग्राम बुलेकेरा निवासी 20 वर्षीय रामधन राठिया अपने साथी 22 वर्षीय नोमेश राठिया के साथ बाइक से किसी काम से जा रहा था।
इसी दौरान तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर भी अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में रामधन राठिया ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि नोमेश राठिया का पैर टूट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, मृतक का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं घायल का इलाज जारी है।प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि ट्रैक्टर चालक शराब के नशे में था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद इलाके में आक्रोश है और लोग लापरवाह ड्राइविंग पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।