रायगढ़ पुलिस का सख्त रुख: मैरिन ड्राइव हमले में 12 आरोपी गिरफ्तार, गंभीर धाराओं के तहत भेजे गए न्यायिक रिमांड

Deepak Patel
By -
0
रायगढ़। शहर के मैरिन ड्राइव के पास हुई एक गंभीर मारपीट की घटना में कोतवाली पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों के साथ 3 विधि के साथ संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ हत्या के प्रयास और बलवा जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में कालिंदी कुंज निवासी 27 वर्षीय चाहत जैन ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 21 अप्रैल 2026 को वह अपने परिचितों के साथ कोष्टापारा स्थित देवांगन धर्मशाला में आयोजित एक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद 22 अप्रैल की रात करीब 1 बजे वह अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल से जूटमिल लौट रहे थे। इसी दौरान मैरिन ड्राइव पर शनि मंदिर के पास सामने से आ रहे एक छोटा हाथी वाहन को रास्ते में खड़ा करने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि वाहन चालक मोहम्मद शेख अफताब ने अपने साथियों—समीर खान, मीत वर्मा, रोहन यादव सहित अन्य लोगों के साथ मिलकर पहले गाली-गलौज की और फिर डंडा, लाठी, लोहे की रॉड व बेसबॉल बैट से लैस होकर चाहत जैन और उनके साथियों पर हमला कर दिया। इस हमले में चाहत जैन, शिवम बघेल, ऋषभ चौहान और सागर बघेल को सिर और जबड़े में गंभीर चोटें आईं।घटना के बाद पुलिस ने तुरंत घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया और प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर अपराध क्रमांक 211/2026 के तहत धारा 296, 351(2), 115(2), 191(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया। बाद में क्योरी रिपोर्ट में गंभीर चोटों की पुष्टि होने पर धारा 351(3), 190, 191(3), 109(1) बीएनएस भी जोड़ी गईं।त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस घटना में शामिल 3 विधि के साथ संघर्षरत बालकों सहित आरोपी मीत वर्मा, रोहन यादव, समीर खान, शंकर साहू, शेख मोहम्मद अफताब, शाख माह जुनैद, राज केवंत, विश्राम सारथी और कान्हा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए बेसबॉल बैट, लोहे की रॉड और डंडे भी जब्त किए गए हैं। सभी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का बयान:
उन्होंने सख्त शब्दों में कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की हिंसा को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि विवाद की स्थिति में संयम बरतें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
Tags:

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)