सक्ती के वेदांता पावर प्लांट में फटा बॉयलर, 40 के करीब मजदूर झुलसे; कई की हालत नाजुक।

Deepak Patel
By -
0

 

खरसिया अपडेट। सक्ती जिले के वेदांता पावर प्लांट से एक हृदयविदारक हादसे की खबर सामने आ रही है। मंगलवार ( आज) काम के दौरान प्लांट का बॉयलर अचानक धमाके के साथ फट गया, जिसकी चपेट में आने से वहां मौजूद लगभग 40 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। हादसे के बाद पूरे प्लांट परिसर में चीख-पुकार और भगदड़ की स्थिति निर्मित हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, पावर प्लांट में रोज की तरह कामकाज चल रहा था, तभी अचानक बॉयलर में एक भीषण विस्फोट हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास का पूरा इलाका धुएं के गुबार से भर गया। मौके पर मौजूद मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और दर्जनों श्रमिक आग की लपटों और गर्म भाप की चपेट में आ गए।

प्रशासनिक स्थिति और राहत कार्य

हालांकि, प्रशासन ने अभी तक झुलसे हुए लोगों की सटीक संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन प्राथमिक अनुमान 40 के करीब बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंचे।
सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ कई श्रमिकों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम घायलों के उपचार में जुटी है।

जांच के घेरे में प्लांट प्रबंधन
इस बड़े हादसे के बाद प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मौके पर मौजूद टीम ने जांच शुरू कर दी है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि बॉयलर फटने के पीछे तकनीकी खराबी थी या सुरक्षा मानकों में कोई बड़ी लापरवाही बरती गई थी। राहत कार्य अब भी जारी है और पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति देखी जा रही है।
Tags:

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)