खरसिया अपडेट। धरमजयगढ़ क्षेत्र के ग्राम जमरगी डी में एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहाँ जंगल से पत्थर लेकर आ रहा एक लोडेड ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसकी चपेट में आने से एक मजदूर की जान चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक्टर में भारी मात्रा में जंगली पत्थर लदा हुआ था। रास्ता कच्चा और ऊबड़-खाबड़ होने की वजह से वाहन अपना संतुलन खो बैठा। ट्रैक्टर पलटते ही उस पर सवार मजदूर उसके नीचे दब गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
गंभीर सवाल और लापरवाही:
इस हादसे ने कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर किसकी अनुमति से जंगल से इस तरह पत्थरों का परिवहन किया जा रहा था? क्या प्रशासन को इसकी जानकारी नहीं थी? ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से पत्थरों का अवैध खेल जारी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी मौन हैं।
दोषियों पर कार्रवाई की मांग:
हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी रोष है। उन्होंने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और इस लापरवाही के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस प्रशासन और फॉरेस्ट विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
