रायगढ़ । जिले के भूपदेवपुर थाना क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ ग्राम सिंघनपुर के पास कोयले से लदे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे स्कूटी पर सवार गर्भवती महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि ट्रेलर क्रमांक (CG-13-AD-2483) का चालक बड़ी लापरवाही से वाहन चला रहा था। इसी दौरान उसने सामने से आ रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उमा राठिया की स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। यह भिड़ंत इतनी भयानक थी कि महिला सीधे भारी वाहन के पहिए के नीचे आ गई और उसकी मौके पर ही जान चली गई, जबकि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे के वक्त महिला के साथ स्कूटी पर मौजूद उनके पति और बच्चे को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस हृदय विदारक घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मुख्य मार्ग पर इकट्ठा होकर चक्काजाम कर दिया। सड़क जाम होने की वजह से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। मौके पर मौजूद लोग प्रशासन से भारी वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगाने और पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं।हादसे की सूचना मिलते ही खरसिया एसडीओपी प्रभात पटेल और भूपदेवपुर थाना प्रभारी संजय नाग पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँच गए हैं और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, दुर्घटना को अंजाम देने के बाद ट्रेलर चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस स्थिति को संभालने का प्रयास कर रही है।
