सक्ती | जिले के ग्राम फगुरम में एक भीषण सड़क हादसे के बाद भारी तनाव की स्थिति पैदा हो गई। एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से 9 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई, जिसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। चक्काजाम के दौरान हुई हिंसक झड़प में पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया, जिसमें एक जवान गंभीर रूप से घायल है।टना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बच्ची के शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि पीड़ित परिवार को तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए और आरोपी कार चालक पर सख्त कार्रवाई हो। सड़क पर चक्काजाम होने के कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। पुलिस पर हमला और हिंसा चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने और शांत करने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ का गुस्सा सातवें आसमान पर था। आरोप है कि इसी दौरान भीड़ में मौजूद कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते लाठी, डंडों और पत्थरों से पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। इस अचानक हुए हमले में एक पुलिस आरक्षक को गंभीर चोटें आई हैं। घायल जवान की नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए तत्काल रायगढ़ रेफर किया गया है
पुलिस की कार्रवाई: 5 आरोपी जेल भेजे गए
पुलिस बल पर हुए हमले को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। कानून हाथ में लेने और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों पर हमला करने के आरोप में पुलिस ने अब तक 5 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनकी भी गिरफ्तारी की जाएगी। वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
