रायगढ़। शहर के रामलीला मैदान स्थित किंडर वैली प्ले स्कूल में शनिवार को समर कार्निवल का आयोजन बेहद उत्साह और रंगीन माहौल के बीच किया गया। आंखों पर स्टाइलिश रंगीन चश्मा और रंग-बिरंगी स्विमिंग ड्रेस में सजे नन्हे-मुन्नों की खिलखिलाहट और छुट्टियों की खुशी पूरे परिसर में साफ झलक रही थी। पढ़ाई की जगह इस दिन सिर्फ उत्साह, हंसी और मस्ती का माहौल देखने को मिला। गर्मी की लंबी छुट्टियों से पहले बच्चों के लिए आयोजित इस खास कार्यक्रम में पूल पार्टी के दौरान बच्चों ने ‘छई-छपा-छई’ के साथ पानी में जमकर आनंद लिया, वहीं फ्रूट्स पार्टी में सजे ताजे फलों ने आयोजन में सेहत और स्वाद का तड़का भी लगा दिया।
प्रॉप्स के साथ बच्चों ने दिए आकर्षक पोज
कार्यक्रम के दौरान स्कूल परिसर को एक आधुनिक थीम पार्क की तरह सजाया गया था। फोटो बूथ बच्चों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा, जहां नन्हे-मुन्नों ने मुस्कुराते सूरज, तरबूज के कटआउट और रंगीन छातों जैसे प्रॉप्स के साथ अलग-अलग अंदाज में पोज दिए। कोई स्टाइलिश गॉगल्स पहनकर नजर आया, तो कोई स्विम रिंग के साथ अपनी मासूमियत बिखेरता दिखा। बच्चों के इन खास पलों को कैमरे में कैद किया गया।
पूल पार्टी में दिखीं मासूमों की मस्ती भरी अठखेलियां
पूल पार्टी के दौरान पानी से भरे पूल में रंग-बिरंगी फुटबॉल और छोटी गेंदों के साथ बच्चों ने जमकर खेला। गेंदों को पकड़ने के लिए बच्चे पानी में कूदते नजर आए और एक-दूसरे पर पानी उछालते हुए ठहाके लगाते रहे। कोई बच्चा स्विमिंग रिंग के सहारे फुटबॉल को किक मारता दिखा, तो कोई दोस्तों पर पानी की फुहारें डालते हुए खेल में मग्न रहा। इन पलों ने पूरे स्कूल परिसर को खुशियों से भर दिया।
स्कूल की डायरेक्टर भी बच्चों के साथ मस्ती में हुईं शामिल
डीजे की धुन पर बच्चों का रेन डांस
कार्यक्रम का उत्साह उस समय और बढ़ गया जब डीजे पर बच्चों की पसंदीदा धुनें बजने लगीं। संगीत की ताल पर बच्चे खुद को थिरकने से रोक नहीं पाए और पूल के भीतर ही रेन डांस करने लगे। पानी की लहरों के बीच नाचते और कूदते बच्चों की खुशी देखते ही बन रही थी। यह नजारा ऐसा लग रहा था मानो पूरा बचपन एक साथ मस्ती में डूब गया हो।
फ्रूट्स पार्टी के जरिए दिया गया सेहत का संदेश
आयोजन के दौरान बच्चों के खान-पान का भी विशेष ध्यान रखा गया। पूल में मस्ती के बाद बच्चों के लिए छोटी मेजों पर तरबूज, खरबूजा, अंगूर और आम जैसे ताजे मौसमी फल सजाए गए थे। इस फ्रूट्स पार्टी का उद्देश्य बच्चों को जंक फूड से दूर रखकर प्राकृतिक आहार के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ खान-पान की आदत डालना था। बच्चों ने भी इन फलों का आनंद बड़े उत्साह के साथ लिया।
सर्वांगीण विकास पर स्कूल का जोर
स्कूल की डायरेक्टर श्रीमती रीनू थवाईत ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ इस तरह की गतिविधियां बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उनके व्यक्तित्व को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे छुट्टियों के दौरान बच्चों की सेहत का ध्यान रखें और उन्हें पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ व पानी दें।
स्टाफ का रहा सराहनीय योगदान
इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में नम्रता चौहान, खुशबू जोगी, दिव्या यादव, अहिल्या निषाद और काजल का विशेष योगदान रहा। स्टाफ ने बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ उनके साथ मिलकर हर गतिविधि में भाग लिया। इस तरह यह सत्र बच्चों के लिए यादगार बन गया और अब वे गर्मी की छुट्टियों के लिए उत्साहित नजर आ रहे हैं।
