रायगढ़ | जिले के भगवानपुर क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर ने स्कूटी सवार दादा और उनकी पोती को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में 14 साल की बच्ची ममता तिर्की की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दादा पित्रोष तिर्की गंभीर रूप से घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, कृष्णापुर गांव निवासी ममता अपने दादा के साथ स्कूटी से भगवानपुर स्थित चावल सोसायटी राशन लेने गई थी। वापस घर लौटते समय सीएमओ चौक के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिर गए और ट्रेलर का पहिया बच्ची के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई। वहीं दादा गंभीर हालत में सड़क पर घायल पड़े रहे।घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल दादा को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है और हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नाकेबंदी कर लाखा के पास उसे पकड़ लिया। पूंजीपथरा पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर ट्रेलर जब्त कर लिया है।इस हादसे ने एक बार फिर जिले में तेज रफ्तार भारी वाहनों की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जो आम लोगों की जान के लिए खतरा बनते जा रहे हैं।
