रायगढ़। खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम मदनपुर में सोमवार को तेज रफ्तार कार के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक शिक्षक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में पुलिस ने कार चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में ग्राम कटाईपाली (सी) निवासी करम सिंह कमलवंशी ने बताया कि उनके छोटे भाई हेमसागर कमलवंशी, जो कन्या आश्रम तेन्दुमुड़ी में शिक्षक थे, 20 अप्रैल को जनगणना प्रशिक्षण के लिए अपनी स्कूटी (CG 13 AS 4778) से मदनपुर हायर सेकेंडरी स्कूल गए हुए थे।
शाम के समय प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद वे घर लौट रहे थे। इसी दौरान मदनपुर मुख्य मार्ग पर, शर्मा बस संचालक के घर के पास, बांसमुड़ा की तरफ से आ रही ब्रेजा कार (CG 11 AX 1187) ने तेज गति और लापरवाही से चलते हुए उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि हेमसागर कमलवंशी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उनकी स्कूटी भी बुरी तरह टूट गई। घटना के बाद भी कार चालक ने वाहन नहीं रोका और आगे जाकर ग्राम ठुसेकेला के निवासी साइकिल सवार द्वारिका प्रसाद राठौर को भी टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी साइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई।
घायल को तुरंत खरसिया के पद्मावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल खरसिया भेजा गया है।
खरसिया चौकी में पदस्थ आरक्षक रामभजन राठिया की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ धारा 281, 125(ए) और 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पूरे मामले की जांच जारी है। इस हादसे के बाद मृतक के गांव और शिक्षक समुदाय में शोक का माहौल है।

